चम्पावत: मुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन और नियमित स्थलीय निरीक्षण के दिए निर्देश
चम्पावत, 11 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में स्वीकृत योजनाओं की विभागवार अद्यतन प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया जाए तथा जिन योजनाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न हो रही है, उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें, ताकि कार्यों की गुणवत्ता पर किसी भी स्तर पर समझौता न हो।
विभागवार समीक्षा के दौरान लंबित एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों की विस्तृत स्थिति का आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रगति रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं जनहित से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण योजनाएं हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचता है। ऐसे में इन कार्यों की गति बढ़ाना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जो घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनका तत्काल हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए तथा जो घोषणाएं अपूर्ण हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही कार्यस्थलों पर नियमित गुणवत्ता जांच अनिवार्य रूप से की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, जिला विकास अधिकारी दिनेश डिगारी, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


