उत्तराखंड के चमोली में दर्दनाक हादसा: केल नदी में गिरी बोलेरो, चार की मौत; चार गंभीर घायल
केल नदी में गिरी बोलेरो के बाद मौके पर चलाया गया रेस्क्यू अभियान।
देवाल-घेस मोटर मार्ग पर कुनार बैंड के पास हुआ हादसा, गहरी खाई में उतरकर पुलिस और रेस्क्यू टीम ने चलाया राहत अभियान
चमोली, 11 जून 2026। उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देवाल-घेस मोटर मार्ग पर कुनार बैंड के समीप उस समय हुआ, जब यात्रियों से भरा एक कमर्शियल बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए उफनती केल नदी में जा समाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन देवाल से घेस की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन लोसरी से आगे कुनार बैंड के पास पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन सीधे केल नदी में जा पहुंचा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना राहगीरों द्वारा तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ तथा अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्गम और गहरी खाई होने के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों और मृतकों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने पर चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम पीएचसी देवाल में कराया जा रहा है।
थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनास्थल अत्यंत गहरी खाई में होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा।
हादसे में जानकी देवी (28 वर्ष) पत्नी दान सिंह निवासी खेता, अर्जुन सिंह (60 वर्ष) पुत्र मान सिंह निवासी घेस, आलम सिंह (54 वर्ष) पुत्र दीवान सिंह निवासी घेस तथा सात वर्षीय बालक दीपू पुत्र चंदन सिंह निवासी खेता की मृत्यु हो गई।
वहीं हरेंद्र सिंह (38 वर्ष) पुत्र पुष्कर सिंह निवासी घेस, उमा देवी (28 वर्ष) पत्नी चंदन सिंह निवासी खेता, खड़क सिंह (38 वर्ष) पुत्र मदन सिंह निवासी खेता तथा डेढ़ वर्षीय हर्षिता पुत्री चंदन सिंह घायल हो गए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


