बागेश्वर: कुमाऊं आयुक्त ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण , स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर
Bageshwar News- कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े के साथ जिला चिकित्सालय बागेश्वर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं, आधारभूत संरचना, दवाइयों की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं तथा ओपीडी संचालन की विस्तृत समीक्षा की।
आयुक्त ने अस्पताल परिसर, पंजीकरण काउंटर, ओपीडी कक्ष, विभिन्न वार्ड तथा अन्य इकाइयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ओपीडी में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, पंजीकरण प्रक्रिया तथा उपचार व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान क्यूआर कोड के माध्यम से ओपीडी शुल्क भुगतान प्रणाली की जानकारी प्राप्त की ।
जन औषधि केंद्र में आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्धता का गहन निरीक्षण किया। दवाओं के स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रणाली एवं मूल्य सूची की जांच करते हुए निर्देशित किया गया कि किसी भी परिस्थिति में आवश्यक दवाइयों की कमी न हो तथा मरीजों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं ओपीडी में आए लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 एम्बुलेंस की उपलब्धता, प्रतिक्रिया समय, संचालन व्यवस्था एवं तकनीकी स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की गई। निर्देशित किया गया कि दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समयबद्ध आपात सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक में मानव संसाधन की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, स्वच्छता व्यवस्था, उपकरणों की कार्यशीलता एवं आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। अस्पताल की समग्र कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपमा हयांकी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का किया निरीक्षण। गुणवत्तापूर्ण और तेजी से पूर्ण करने के दिए निर्देश।
बागेश्वर। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने खोली स्थित निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पानी की फिजूल बर्बादी पाए जाने पर मंडलायुक्त ने ठेकेदार पर ₹20 हजार का अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी गुणवत्ता या समयबद्धता में कमी पाई गई तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था की लैब में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की निगरानी करते हुए रेत एवं कंक्रीट का सैंपल अपने समक्ष परीक्षण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित रूप से सामग्री की जांच सुनिश्चित की जाए ताकि भवन निर्माण में किसी प्रकार की तकनीकी कमी न रहे।
इस अवसर पर एसीएमओ दीपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण ₹20 करोड़ 58 लाख की लागत से किया जा रहा है। इस ब्लॉक के निर्माण से जनपद में गंभीर रूप से बीमार मरीजों को आधुनिक एवं सुसज्जित उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


