Almora News: अतिवृष्टि को लेकर डीएम की आपात बैठक, 2 सितंबर को स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
अतिवृष्टि की स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ आपात बैठक करते जिलाधिकारी अंशुल सिंह।
अल्मोड़ा में भारी बारिश के चलते प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी तैनात रखने और निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश
अल्मोड़ा, 1 सितंबर 2026: जनपद में अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आपात बैठक बुलाकर विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक 24 घंटे सक्रिय रहें ,साथ ही उन्होंने 2 सितंबर 2026 को जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सोबन सिंह जीना परिसर और जनपद के समस्त महाविद्यालयों में भी अवकाश के आदेश जारी किए हैं
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित ऐसे सभी निर्माण कार्य, जिनमें किसी भी प्रकार का भू-कटाव अथवा खुदाई का कार्य किया जा रहा है, उन्हें तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रमुख एवं संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी मशीनों को तैयार रखने के निर्देश दिए। किसी भी स्थान पर मलबा आने अथवा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को यातायात के लिए खोला जाए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को समस्त स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा एम्बुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा समस्त उपजिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे ।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


