Almora News: बारिश में पुरानी दीवार ढही, मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत; SDRF ने शव बरामद किए
धार की तूनी में पुरानी दीवार के मलबे में दबे दो मजदूरों को तलाशते SDRF जवान, दोनों के शव बरामद
बारिश के बीच पुराने मकान की दीवार गिरने से हुआ हादसा, दोनों मृतकों की पहचान नेपाली मूल के श्रमिकों के रूप में; पुलिस कर रही शिनाख्त
अल्मोड़ा, 1 सितंबर 2026। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को एक और दर्दनाक हादसा हो गया। धार की तूनी क्षेत्र में पुराने मकान की दीवार गिरने से दो व्यक्ति मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
SDRF के अनुसार, दोनों मृतकों की पहचान नेपाली मूल के व्यक्तियों के रूप में हुई है। उनकी शिनाख्त जिला पुलिस द्वारा की जा रही है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF
DCR अल्मोड़ा से मंगलवार को सुबह 11:36 बजे धारकीतुणी के पास पुराने मकान की दीवार गिरने और उसके नीचे दो लोगों के दबे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सरियापानी से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद SDRF जवानों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने मलबा हटाकर दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला, लेकिन दोनों की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
टिन शेड की दीवार के नीचे दबने से हुआ हादसा
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल के अनुसार, धार की तूनी में हुई घटना में टिन शेड की दीवार के नीचे दबने से दो नेपाली श्रमिकों की मौत हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
मौके पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल और आपदा प्रबंधन की टीम भी मौजूद रही। राहत एवं बचाव टीमों ने मलबा हटाकर दोनों श्रमिकों को बाहर निकाला।
अल्मोड़ा में बारिश-आपदा से पांच मौतें
धार की तूनी हादसे से पहले सोमेश्वर विकासखंड के वडयूड़ा गांव में भी भारी बारिश के बीच मकान ढहने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वडयूड़ा में प्रेमा देवी, उनकी बेटी कल्पना और बेटे मनीष की मलबे में दबने से जान गई थी।
इन दो हादसों के बाद अल्मोड़ा जिले में बारिश और आपदा से जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
लगातार बारिश के कारण जिले में जनजीवन प्रभावित है। कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बाधित हुई हैं। कई मार्गों पर यातायात प्रभावित होने के साथ घरों में भी मलबा घुसने की सूचना सामने आई है।
संवेदनशील क्षेत्रों पर प्रशासन की नजर
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी रखी जा रही है। आपदा प्रबंधन, SDRF और अन्य राहत टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। खासतौर पर संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


