देहरादून:सरकारी दफ्तरों में अब 100 फ़ीसदी उपस्थिति, पढ़िए सीएम के बड़े फैसले
चिन्यालीसौड के ग्राम कान्सी के 12 परिवार विस्थापित होंगे
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड तहसील के अंतर्गत आपदा प्रभावित ग्राम कान्सी के 12 परिवारों को अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इन परिवारों को विस्थापित करने पर 49,20,000 रुपए के व्यय की भी स्वीकृति दी गई है। चिन्यालीसौड में आपदा प्रभावित कुल 16 परिवार थे। इनमें से चार परिवारों को पहले ही विस्थापित किया जा चुकी है। शेष 12 परिवारों को विस्थापित होना है।
किच्छा पराग फार्म में पं. गोविंद बल्लभ पंत की मूर्ति लगेगी
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किच्छा पराग फार्म मे पंडित गोविंद बल्लभ पंत की मूर्ति स्थापना के लिए 15.75 लाख की राशि जारी करने को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत वित्त विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को इसका प्रस्ताव भेजा गया था।
देवस्थानम बोर्ड में भारत सरकार के दो अधिकारी नामित होंगे
उत्तराखंड देवस्थानम प्रबंधन संशोधन अधिनियम, 2020 के अंतर्गत भारत सरकार के संस्कृति व पर्यटन विभाग के एक-एक संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी को विशेष आमंत्री सदस्य के रूप में नामित करने के लिए संस्कृति व धर्मस्व विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके लिए विभाग भारत सरकार से इसके लिए अनुरोध करेगा।
सभी सरकारी दफ्तरों में अब 100 फीसदी उपस्थिति
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य में कोविड-19 के संक्रमण के मामलों में आई कमी को देखते हुए राज्य सचिवालय समेत सभी सरकारी कार्यालयों में समस्त समूह के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति 100 फीसदी किए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।
पिछले साल कोविड-19 महामारी को देखते हुए शासन ने समय-समय पर सचिवालय समेत सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में कमी कर दी थी। सरकारी कार्यालयों में कुछ विभागों में अधिकारियों के साथ ही सभी समूह के कर्मचारियों की वर्तमान में उपस्थिति 75 फीसदी तक सीमित की गई थी। अब सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष सचिवालय समेत सभी सरकारी विभागों में समस्त समूहों के अधिकारी-कर्मचारियों की 100 फीसदी उपस्थिति का प्रस्ताव भेजा गया। इस पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अनुमोदन दे दिया है।
यमुनोत्री पैदल मार्ग की मरम्मत होगी
मुख्यमंत्री ने पिछले साल मानसून अवधि में यमुनोत्री धाम को जाने वाले जानकी चट्टी से यमुनोत्री पैदल मार्ग के स्थान भंगेलीगाड (किलोमीटर 03) पर 100 मीटर लंबे भाग में भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण-मरम्मत के लिए 50 लाख की राशि आवंटित करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव के अनुसार वर्तमान में इस स्थान पर अस्थायी वैकल्पिक मार्ग तैयार कर इसे खोला गया है। पर आगामी यात्रा काल में यमुनोत्री आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के सुचारू आवागमन तथा खाद्यान-गैस आदि आवश्यक सामग्री की आपूर्ति के लिए इस क्षतिग्रस्त स्थान की मरम्मत जरूरी है। इस पर मुख्यमंत्री ने इसके लिए धनराशि आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें