उत्तराखंड – मौसम ने ली करवट ,आसमान में छाए बादल , पढ़िए अगले तीन दिन मौसम का हाल
देहरादून: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज , उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी वहीं आसमान में छाए बादल। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अधिकांश जनपदों में बारिश और बर्फबारी के आसार। मौसम विभाग की माने तो उत्तराखंड में अगले तीन दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा। जिसके चलते तापमान में गिरावट आने के साथ ही ठंड बढ़ेगी।
ताजा पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयी राज्यों में पहुंचने के कारण उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, तीन दिन तक उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। जिससे प्रदेशभर में कंपकंपी बढ़ सकती है।
पिछले कई दिनों से उत्तराखंड में मौसम शुष्क है। नवंबर में पूरे प्रदेश में औसत बारिश एक मिलीमीटर दर्ज की गई, जो कि सामान्य से 86 फीसद कम है। जबकि, इस माह सामान्य बारिश सात मिमी रहती है। हालांकि, अब दिसंबर की शुरुआत से ही बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट के साथ आगामी दिनों में ठंड में बढोतरी होगी।
इस बीच उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और बर्फबारी के अलावा गुरुवार को पहाड़ों में बारिश व हिमपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम का यह मिजाज शुक्रवार तक बना रह सकता है। इसके बाद पांच दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के पुन: सक्रिय होने के कारण बारिश व बर्फबारी हो सकती है। अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है और कई क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पडऩे के आसार हैं।

- पहाड़ों में बर्फबारी ,आसमान में छाए बादल
सीमांत जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। बुधवार को पिथौरागढ़ सहित गंगोलीहाट, बेरीनाग, डीडीहाट, धारचूला, मुनस्यारी में सुबह से ही बादल छाए रहे। जबकि पंचाचूली, हंसलिंग, छिपलाकेदार, राजरंभा सहित अन्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ। बर्फबारी और बादल छाए रहने से पारा तेजी से लुढ़का है।
पिथौरागढ़ में दूसरे ही दिन तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को जिला मुख्यालय का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री पहुंच गया, जबकि बीते मंगलवार को तापमान 6 डिग्री रिकार्ड किया गया। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद जिले के रालम, लास्पा, मिलम सहित अन्य माइग्रेशन गांवों तापमान माइनस एक डिग्री पहुंच गया है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तापमान गिरने से ठंडी हवाएं शुरू हो गई हैं, जिससे हिमनगरी में भी तापमान एक डिग्री रिकार्ड किया गया। तापमान गिरने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे समूचे जनपद में ठंड का असर बढ़ गया है। उधर, चम्पावत में बुधवार को न्यूनतम तापमान 2.70 डिग्री और अधिकतम 18.70 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मसूरी में मौसम ने बदली करवट, ठंड बढ़ी
मसूरी। बुधवार को पर्यटन नगरी मसूरी में मौसम का मिजाज पल-पल बदलता रहा। सुबह के समय खिली हल्की धूप के बाद आसमान में काले बादल छा गए।शहर में ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गई जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया। ठंड के चलते शाम के समय माल रोड पर बहुत कम पर्यटक नजर आए, अधिकांश पर्यटक होटलों में ही कैद हो गए । वहीं ठंड से बचने के लिए शहर के चौक चौराहों पर लोग आग सेकते हुए भी नजर आए। साथ ही कुछ पर्यटक दुकानों में गर्म कपड़ों की खरीदारी करते हुए भी दिखाई दिए।





सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें