उत्तराखंड का वीर सपूत शहीद: जम्मू-कश्मीर में 21 साल की उम्र में दिया सर्वोच्च बलिदान
शहीद अग्निवीर रोहित सिंह। (फाइल फोटो)
टिहरी के भिलंगना ब्लॉक निवासी अग्निवीर रोहित सिंह की शहादत से क्षेत्र में शोक की लहर, आज सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार।
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड का एक और वीर सपूत देश सेवा के दौरान शहीद हो गया। जम्मू-कश्मीर में तैनात टिहरी जनपद के भिलंगना ब्लॉक निवासी अग्निवीर जवान रोहित सिंह (21) की शहादत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मां भारती के इस वीर जवान की असमय विदाई से परिजन, ग्रामीण और क्षेत्रवासी गहरे सदमे में हैं।
रोहित सिंह भिलंगना ब्लॉक के मेंडू सिंदवालगांव के निवासी थे और भारतीय सेना की 20 गढ़वाल राइफल्स में अग्निवीर के रूप में तैनात थे। जानकारी के अनुसार 10 जून की सुबह जम्मू में उन्हें उनकी सर्विस राइफल से गोली लग गई। घटना के बाद सेना के अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल घटना की परिस्थितियों की जांच जारी है।
ग्राम प्रधान कुंवर सिंह ने बताया कि शहीद जवान का पार्थिव शरीर सैन्य वाहन से घनसाली पहुंच चुका है। देर शाम तक पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। शुक्रवार सुबह पैतृक घाट पर सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रोहित सिंह अपने परिवार के बड़े पुत्र थे। उनके पिता सुरेन्द्र सिंह रोजगार के सिलसिले में दुबई में रहते हैं। बेटे की शहादत की सूचना मिलने के बाद वह तत्काल घर के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार में उनके छोटे भाई मोहित हैं, जो कक्षा नौ के छात्र हैं।
युवा सैनिक की शहादत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के क्षेत्रों से लगातार लोग उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। हर कोई रोहित के मिलनसार स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा के जज्बे को याद कर रहा है।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद जवान रोहित सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया है। शुक्रवार को देवभूमि उत्तराखंड अपने इस वीर सपूत को अश्रुपूरित आंखों से अंतिम विदाई देगी।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


