नैनीताल: सवारियों से भरी बोलेरो खाई में गिरी, हादसे में 2 की मौत, 4 घायल
धारी ब्लाक के दुदुली के पास अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
नैनीताल। जिले के धारी ब्लॉक क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब सवारियों से भरी एक बोलेरो/मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा धारी ब्लॉक के दुदुली गांव के पास हुआ। वाहन (संख्या UK04TA1446) हल्द्वानी की ओर जा रहा था और उसमें चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। सोमवार दोपहर करीब 1:28 बजे डायल 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना पुलिस को मिली। बताया जा रहा है कि दुदुली से करीब 100 मीटर आगे वाहन अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गया।
सूचना मिलते ही थाना मुक्तेश्वर से उपनिरीक्षक हरिराम और अपर उपनिरीक्षक शादाब खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। सभी घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद लता देवी (40) निवासी दुदुली और हरीश चंद्र बेलवाल (52) निवासी अमदौ को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल दिनेश चंद्र (48), वाहन चालक कमल शर्मा (23), नेहा बेलवाल (17) और सुभाष बेलवाल (13) को उपचार दिया गया। इनमें से कमल, नेहा और सुभाष की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि एक घायल की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया है और गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र भेजा गया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


