चारधाम यात्रा को लेकर सीएम धामी की पहल, एलपीजी आपूर्ति 100% बनाए रखने का केंद्र से अनुरोध
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात, मानसून के लिए अतिरिक्त 5% सिलेंडर आवंटन की भी मांग
नई दिल्ली/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में मुलाकात कर उत्तराखण्ड से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के सुचारू, सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को पूर्ववत् 100 प्रतिशत बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे एलपीजी की मांग में भारी वृद्धि होती है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस अवधि में राज्य को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।
उन्होंने मानसून अवधि (जून से सितंबर) का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड हर वर्ष प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित होता है। ऐसे में दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच राहत और बचाव कार्यों में एलपीजी की अहम भूमिका रहती है। इसको देखते हुए उन्होंने अतिरिक्त 5 प्रतिशत (करीब 48,397 सिलेंडर) आवंटन की मांग की।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था काफी हद तक पर्यटन पर आधारित है, जिसमें धार्मिक पर्यटन और चारधाम यात्रा का विशेष योगदान है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया और राज्य के हितों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



उत्तराखंड: नकल पर सख्ती और पारदर्शिता पर फोकस, 17 मई परीक्षा के लिए नई SOP लागू