चंपावत महोत्सव का भव्य आगाज 27 फरवरी को, तीन दिवसीय होगा महोत्सव, डीएम की अध्यक्षता में कार्यक्रम की रूपरेखा तय
चम्पावत 28 जनवरी। जनपद में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, विविध साझी संस्कृति के आदान-प्रदान, जनपद में पर्यटकों को आकर्षित करने हेतु 27 से 29 फरवरी तक चम्पावत महोत्सव आयोजित किया जायेगा।
जिला सभागार में देर सायं जिलाधिकारी सुरेन्द्र नारायण पाण्डे ने जनपद के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के साथ ऑफ सीजन में चम्पावत महोत्सव मनाये जाने हेतु प्रारम्भिक बैठक की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संदेशों के माध्यम से जनपद की साझी विरासत और पहचान बढ़े इसके लिए चम्पावत महोत्सव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महोत्सव से जनपद की पहचान बढ़ने के साथ ही पर्यटन गतिविधियों में तेजी आयेगी तथा पर्यटक यहां की साझी विरासत व सांस्कृतिक गतिविधियों से रूबरू होंगे।
उन्होंने कहा कि महोत्सव भव्य होगा और स्थानीय संस्कृति को अधिक से अधिक प्रचारित करने हेतु उचित मंच प्रदान किया जायेगा। उन्होंने बताया कि चम्पावत महोत्सव समिति का पंजीकरण कर महोत्सव को भव्य रूप देने एवं विभिन्न व्यवस्थाएं करने हेतु कोर कमेटी/समितियां गठित कर दी हैं तथा सर्वसम्मति से महोत्सव की तिथि 27 से 29 फरवरी निर्धारित की गई है।
अपर जिलाधिकारी टीएस मर्तोलिया ने बताया कि सर्वसम्मति से बैठक में जनपद के दोनों विधायकों को संरक्षक, जिलाधिकारी को अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक को उपाध्यक्ष तथा जिला पंचायत अध्यक्ष, अपर जिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, समस्त विभागीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अध्यक्ष नागर निकाय, सभी प्रमुख, टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन, महाप्रबंधक एनएचपीसी, कमांडेंट आईटीबीपी, एसएसबी को सदस्य के रूप में सम्मिलित किया गया है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में होने वाले समस्त कार्यक्रमों की रूपरेखा निर्धारित करने हेतु कार्यक्रम प्रबंधन समिति का गठन किया गया है जिसके अध्यक्ष अपर जिलाधिकारी नामित किये गये हैं। महोत्सव के आयोजन हेतु वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था हेतु वित्तीय प्रबन्धन समिति गठित कर अपर जिलाधिकारी को अध्यक्ष नामित किया गया है।
महोत्सव के व्यय का दिन-प्रतिदिन लेखा, वित्तीय स्वीकृति, लेखा विवरण आदि के संपादन हेतु वित्तीय लेखा प्रबंधन समिति गठित कर अपर जिलाधिकारी को अध्यक्ष नामिति किया गया है। महोत्सव के दौरान समुचित सुरक्षा व्यवस्था, टै्रफिक नियंत्रण्ध के साथ आने वाले विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अभ्यागतों की आगमन में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था हेतु सुरक्षा एवं परिवहन समिति का गठन कर उप जिलाधिकारी चम्पावत को अध्यक्ष नामित किया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य समिति में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अध्यक्ष होंगे। प्रचार-प्रसार समिति में मुख्य शिक्षा अधिकारी अध्यक्ष, आवास समिति में उप जिलाधिकारी चम्पावत अध्यक्ष होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी समिति में मुख्य विकास अधिकारी अध्यक्ष, स्वागत समिति में उप जिलाधिकारी चम्पावत अध्यक्ष, दिन में होने वाले कार्यक्रमों हेतु परियोजना निदेशक डीआरडीए अध्यक्ष होंगे तथा रात्रि में होने वाले कार्यक्रमों हेतु उप जिलाधिकारी पाटी अध्यक्ष होंगी। प्रलेखन समिति में वरिष्ठ कोषाधिकारी अध्यक्ष, खानपान समिति में उप जिलाधिकारी लोहाघाट अध्यक्ष नामित किया गया है। बैठक में गणमान्य लोगों ने जनपद के, बाहरी प्रदेशों में सांस्कृतिक छटा बिखेर रहे कलाकारों को आमंत्रित करने का सुझाव रखा। बैठक में विभिन्न समितियों के नोडल अधिकारियों/कोर कमेटी सदस्यों को आपसी बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेख, व्यवस्थाएं निर्धारित करते हुए अपने सुझाव देने के निर्देश दिये।
बैठक में चम्पावत महोत्सव के सफल संचालन हेतु महोत्सव के नाम से राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता खोलने पर भी मुहर लगी।
बैठक में प्रमुख बाराकोट विनीता फर्त्याल, प्रमुख चम्पावत रेखा देवी, प्रमुख लोहाघाट नेहाढ़ेक, प्रमुख पाटी सुमनलता, विधायक प्रतिनिधि श्याम नारायण पाण्डेय, नगरपालिका अध्यक्ष विजय वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष लोहाघाट गोविन्द वर्मा, पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, अपर जिलाधिकारी टीएस मर्तोलिया, उप जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, उप जिलाधिकारी पाटी शिप्रा जोशी, उप जिलाधिकारी लोहाघाट आरसी गौतम, वरिष्ठ कोषाधिकारी हेमेन्द्र प्रकाश गंगवार सहित अन्य सभी अधिकारी/कोर कमेटी के अध्यक्ष, आमंत्रित गणमान्य नागरिक आदि उपस्थित थे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें