बागेश्वर: घरेलू LPG गैस की आपूर्ति सामान्य, कमर्शियल सिलेंडरों के उपयोग पर अस्थायी प्रतिबंध
अफवाहों से बचें, पैनिक बुकिंग न करें—घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता: जिला प्रशासन
गैस आपूर्ति स्थिति पर प्रशासन सतर्क, डीएम आकांक्षा कोंडे ने अधिकारियों व हितधारकों के साथ की बैठक
Bageshwar News- शासन के निर्देशों के क्रम में कमर्शियल गैस सिलेंडरों के उपयोग पर अस्थायी प्रतिबंध लागू किया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने स्पष्ट किया है कि जनपद बागेश्वर में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा नागरिकों को घबराने या पैनिक बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने जिला होटल एसोसिएशन, पेट्रोल पंप मालिकों/संचालकों, गैस एजेंसियों, आवासीय विद्यालयों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी को अवगत कराया कि शासन के आदेशों के अनुसार वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडरों के उपयोग पर प्रतिबंध लागू किया गया है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूर्ववत जारी रहेगी।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी हितधारकों से वर्तमान स्थिति के संबंध में सुझाव भी लिए गए। जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों, होटल एसोसिएशन, पेट्रोल पंप संचालकों तथा अन्य संबंधित प्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पूर्ण सहयोग करने की अपेक्षा व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आवश्यक संस्थानों में गैस आपूर्ति बाधित न हो। गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए जनपद एवं तहसील स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित की गई है तथा जिला पूर्ति अधिकारी को जिले में नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिला एवं तहसील आपदा नियंत्रण कक्ष को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
उन्होंने पुलिस, उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को जमाखोरी एवं कालाबाजारी एवं गैस वाहनों के सुगम आवागमन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए तथा पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसियों को अपने परिसरों में सीसीटीवी कवरेज सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पूर्ति अधिकारी बल्लभ पांडेय ने बताया कि इंडियन ऑयल का ऑनलाइन पोर्टल तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से प्रभावित है, जिसे शीघ्र ही ठीक करा दिया जाएगा।
साथ ही अवगत कराया गया कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल पंपों पर बोतल, कैन या अन्य खुले कंटेनरों में ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अनावश्यक भंडारण से बचें और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही ईंधन प्राप्त करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने नागरिकों को सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी गैस बुकिंग लिंक और नंबरों से सतर्क रहने की अपील की।
अपर जिलाधिकारी एन. एस. नबियाल ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी घरेलू गैस का कमर्शियल उपयोग पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिष्ठानों से शासन के निर्देशों का पालन करने तथा गैस सिलेंडरों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार ही करने की अपील की।
बैठक में गैस ईंधन के विकल्पों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान इंडक्शन, बिजली तथा लकड़ी जैसे वैकल्पिक ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने पर विचार किया गया।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
📌 सहायता हेतु कंट्रोल रूम नंबर जारी
जिला प्रशासन बागेश्वर द्वारा गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना अथवा सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर जारी किए गए हैं।
नागरिक आवश्यकता पड़ने पर 05963-220196, 05963-220197 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त 24×7 हेल्पलाइन नंबर 9634912152 भी जारी किया गया है, जबकि बीएसएनएल उपयोगकर्ताओं के लिए टोल फ्री नंबर 1077 उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या होने पर इन आधिकारिक नंबरों पर संपर्क करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


